नगर भ्रमण पर निकले भगवान श्री महाकाल, मुख्यमंत्री ने पूजन कर माँगी खुशहाली

राजसी ठाट-बाट के साथ नगर भ्रमण पर निकले अवंतिकानाथ राजाधिराज भगवान श्री महाकाल, मुख्यमंत्री ने सपरिवार पूजन कर माँगी देश व प्रदेश की खुशहाली, हजारों की संख्या में पहुँचे श्रद्धालु, शिवालयों में रही भक्तों की भीड़, 

गंजबासौदा सिटी पोर्टल@उज्जैन/ रमाकांत उपाध्याय
श्रावण माह के पहले सोमवार को भगवान श्रीमहाकाल राजसी ठाट-बाट के साथ नगर भ्रमण पर निकले। हजारों श्रद्धालुओं ने भगवान के दर्शन कर धर्मलाभ लिया। भगवान की सवारी निकलने के पूर्व श्री महाकालेश्वर मंदिर के सभामंडप में भगवान के श्री मनमहेश स्वरुप का पूजन-अर्चन श्री महाकालेश्वर मंदिर प्रबंध समिति के अध्यक्ष एवं कलेक्टर आशीष सिंह, पुलिस अधीक्षक सत्येन्द्र कुमार, अपर कलेक्टर अवि कुमार द्वारा किया।

पूजन प. घनश्याम शर्मा एवं आशीष पुजारी द्वारा सम्पन्न करवाया गया। पूजन पश्चात भगवान श्री मनमहेश की पालकी को कलेक्टर एवं अध्यक्ष सिंह, पुलिस अधीक्षक सत्येन्द्र कुमार, मंदिर के पुजारी, पुरोहित आदि ने कन्धा देकर नगर भ्रमण के लिये रवाना किया गया।
मंदिर के मुख्य द्वार पर पुलिस बल के जवानों द्वारा गार्ड ऑफ ऑनर (सलामी) के पश्चात सवारी ने नगर भ्रमण की ओर प्रस्थान किया।
हजारों श्रद्धालुओं ने भगवान महाकाल के दर्शन कर आशीर्वाद ग्रहण किया।

मुख्यमंत्री ने मांगी प्रदेश व देश की खुशहाली
प्रदेश के मुख्यमंत्री शिवराजसिंह चौहान ने सपरिवार उज्जैन पहुंचकर भगवान श्री महाकाल के दर्शन कर पूजन अर्चना की। उन्होंने भगवान से देश व प्रदेश की खुशहाली मांगी।

शिवालयों में भक्तों की भीड़

श्रावण मास शुरू होते ही शिवालयों में भक्तों की भीड़ उमड़ रही है। शिव अभिषेक पूजन हो रही है। पार्थिव शिवलिंग निर्माण व शिवपुराण का वाचन हो रहा है।