प्रदेश में चार करोड़ कोविड टीके लगाने का नया रिकॉर्ड

गंजबासौदा न्यूज़ पोर्टल@भोपाल रमाकांत उपाध्याय/

प्रदेश में कोविड-19 टीकाकरण महाअभियान में  शनिवार  21 अगस्त को 4 लाख 12 हजार  275 व्यक्तियों को वैक्सीन की डोज लगाई गई। इसके साथ ही मध्यप्रदेश में वैक्सीनेशन का रिकॉर्ड आंकड़ा 4 करोड़ के पार हो गया है।

संचालक एनएचएम, टीकाकरण डॉ. संतोष शुक्ला ने बताया कि जनवरी से शुरू हुए कोविड-19 टीकाकरण अभियान में प्रदेश में  अब तक 4 करोड़ 49 हजार 969 व्यक्तियों को  वैक्सीन लगाई जा चुकी है।  अब तक हुए वैक्सीनेशन में 3 करोड़ 34 लाख 78 हजार 726 व्यक्तियों को वैक्सीन की प्रथम डोज  और 65 लाख  71 हजार 243 व्यक्तियों को वैक्सीन की दोनों डोज लग चुकी  है। कोविड-19 वैक्सीनेशन के लिये 25 एवं 26 अगस्त को पुन: महाअभियान प्रदेश में चलाया जायेगा। 

भाई-बहन टीके से सुरक्षा बंधन सुनिश्चित करें

मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान ने रक्षाबंधन के पर्व पर प्रदेशवासियों को बधाई देते हुए अपील की है कि 25 और 26 अगस्त को वैक्सीनेशन महाअभियान में पात्र लोग कोविड से बचाव का टीका अवश्य लगवाएँ। मुख्यमंत्री श्री चौहान ने कहा कि इस रक्षाबंधन पर स्वास्थ्य की रक्षा का महत्व समझते हुए टीके से सुरक्षा के बंधन को सभी भाई-बहन ध्यान में रखें। रक्षाबंधन हमारी संस्कृति से जुड़ा विशेष पर्व है। वर्तमान दौर में कोविड से बचाव के लिए वैक्सीन लगवाकर जीवन रक्षा की बात सबसे महत्वपूर्ण है।

मुख्यमंत्री  चौहान ने कहा कि की वैक्सीनेशन जिंदगी का डोज है। प्रधानमंत्री श्री नरेन्द्र मोदी ने सभी राज्यों को नि:शुल्क डोज उपलब्ध करवाकर संजीवनी देने का कार्य किया है। मुख्यमंत्री श्री चौहान ने कहा कि यह सिर्फ कोविड से बचाव का टीका नहीं बल्कि इसके माध्यम से व्यक्ति के जीवन की रक्षा की कोशिश की गई है। इस महाअभियान को सभी मिलकर कामयाब बनाएँ।