खेल स्टेडियम का नाम मेजर ध्यानचंद के नाम पर रखने की मांग, रैली निकाली

गंजबासौदा न्यूज़ पोर्टल@विदिशा रमाकांत उपाध्याय/

हॉकी के जादूगर कहे जाने वाले मेजर ध्यानचंद की जयंती रविवार को खेल दिवस के रूप में मनाई गई।  जिला मुख्यालय पर खेल एवं युवा कल्याण विभाग व कई समाजसेवियों ने उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले शहर के प्रतिभाशाली खिलाड़ियों का सम्मान किया।
इस दौरान खेल स्टेडियम का नाम मेजर ध्यानचंद के नाम पर रखने की मांग भी की गई। पहली बार सैंकड़ों खिलाड़ियों ने ध्यानचंद को याद करते हुए विशाल रैली निकाली।


रविवार दोपहर तीन बजे माधवगंज से रैली की शुरुआत हुई, जो जिला खेल स्टेडियम पहुंची। रैली में अलग अलग खेलों के करीब 1000 खिलाड़ी शामिल हुए। सभी हाथों में स्लोगन लिखीं तख्तियां लेकर चल रहे थे। हॉकी के खिलाड़ी हाथों में हॉकी रखे हुए थे । ताईक्वांडो के खिलाड़ी अपनी यूनिफार्म में थे। इसमें बास्केटबॉल, व्हालीबॉल, हॉकी, फुटबॉल, ताईक्वांडो, कराते क्बल सहित अलग अलग खेलों के खिलाड़ी मौजूद थे। सबसे आगे खुली जीप में मेजर ध्यानचंद की बड़ी तस्वीर रखी हुई थी, वाहन के आगे भाला फेंक में ओलंपिक मेडल जीतने वाले नीरज चौपड़ा की तस्वीर भी रखी हुई थी।

इस अवसर पर पूर्व नपाध्यक्ष मुकेश टंडन, जिला ओलंपिक संघ के अध्यक्ष रुद्रप्रताप सिंह, सचिव दिलीप थापा, बास्केटबॉल संघ के अध्यक्ष योगेश मालवीय सहित कई खेलप्रेमी मौजूद थे।