काँग्रेस छोड़ भाजपा में शामिल हो, तभी मिलेगा राशन, कांग्रेस जिलाध्यक्ष से की शिकायत

गंजबासौदा न्यूज़ पोर्टल@बासौदा रमाकांत उपाध्याय/ 

प्रधानमंत्री गरीब कल्याण निशुल्क अन्न वितरण कार्यक्रम के तहत प्रदेश भर की हजारों उचित मूल्य की दुकानों से जरूरतमंद गरीबो को थैले सहित राशन का वितरण किया जा रहा है। यह राशन सभी गरीबों को दिया जाना है । इसके बाद भी गंजबासौदा में कुछ जगह से दुकानदारों द्वारा राशन के बदले में कांग्रेस छोड़ भाजपा पार्टी में शामिल होने की बात कहने का मामला प्रकाश में आया है।

इस मामले में जहां कांग्रेस अन्न योजना का राजनीतिक लाभ उठाने के आरोप लगा रही है तो भाजपा के पदाधिकारी सभी को राशन वितरित होने की बात कहते नजर आ रहे हैं। प्रशासनिक अधिकारी भी नियम अनुसार राशन वितरण और निगरानी की कहकर पल्ला झाड़ते नजर आ रहे हैं।

[काँग्रेस जिला अध्यक्ष से शिकायत करते नागरिक]
गंजबासौदा-ग्यारसपुर के पूर्व विधायक व कांग्रेस जिलाध्यक्ष निशंक जी जैन के कार्यालय पहुँचे स्वरूपनगर के राजेश ने बताया कि राशन की दुकान से उन्हें राशन नही दिया गया बल्कि यह कहा गया कि पहले कांग्रेस पार्टी छोड़कर भाजपा में शामिल हो जाओ उसके बाद ही राशन मिलेगा। शहर के अन्य जगह से भी राशन देने से मना किया तो ऐसे दर्जनों की संख्या में नागरिको ने कांग्रेस जिलाध्यक्ष के यहाँ आकर इसकी शिकायत पूर्व विधायक से की है।

[राशन के बदले भाजपा में शामिल करने का आरोप ]
गरीबो का मजाक उड़ाया जा रहा है।
पूर्व विधायक व कांग्रेस जिलाध्यक्ष निशंक जी जैन का कहना है कि सरकार गरीबों का मजाक उड़ा रही है कांग्रेस के समय से योजनाएं चली आ रही है उसका राजनीतिक लाभ उठाया जा रहा है। सिर्फ 10 10 किलो अनाज दिया जा रहा है यह गरीबो के साथ मजाक है। शनिवार को कई जगह से शिकायत आई है जिनके कंट्रोल बाले गरीबो को राशन देने के बदले में कांग्रेस छोड़ भाजपा पार्टी में शामिल होने की कह रहे है यह बहुत ही निंदनीय है। कंट्रोल बालों को ध्यान रखना चाहिए कांग्रेस की सरकार बनने पर उनसे जवाब लिया जाएगा।

कांग्रेस कर रही दुष्प्रचार
भाजपा जिला मीडिया प्रभारी देवेंद्र जी रघुवंशी का कहना है कि कांग्रेस द्वारा महत्वपूर्ण योजना का दुष्प्रचार किया जा रहा है। प्रधानमंत्री जी की योजना के तहत सभी गरीबो की राशन दिया जा रहा है। कार्यक्रम के बाद भी लगातार वितरित किया जाएगा।
कोरोना गाइडलाइन के कारण आयोजन में सीमित संख्या 100 कर दी थी। शेष को भी वितरित किया जा रहा है। आरोप लगाने बाले कांग्रेसी कार्यकर्ता है ऐसे विषयो पर राजनीति से बचना चाहिए।

सभी को मिलेगा राशन,निगरानी 
इस संबंध में एसडीएम रोशन जी राय का कहना है कि राशन सभी जरूरतमंद पात्र लोगों को मिलेगा। प्रत्येक दुकान पर निगरानी के लिए नोडल अधिकारी बनाया गया है। सिर्फ आज ही नहीं बल्कि लगातार दुकानों से राशन मिलेगा। कहीं से ऐसी शिकायत मिलने पर जांच कर कार्यवाही की जाएगी।