MP ने बनाया 10 करोड़ वैक्सीन डोज लगाने का रिकार्ड

टीकाकरण महाअभियान में आज फिर मिली बड़ी सफलता,

एक दिन में 11 लाख 44 हजार से अधिक लगी वैक्सीन डोज,

गंजबासौदा न्यूज़ पोर्टल @ भोपाल रविकांत उपाध्याय/ 

मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान ने मध्यप्रदेश की जागरूक जनता को धन्यवाद दिया है, जिनके सहयोग से आज टीकाकरण महाअभियान-11 में 11 लाख 44 हजार से अधिक वैक्सीन की डोज लगाई गई। वैक्सीनेशन में मध्यप्रदेश लगातार रिकार्ड कायम कर रहा है। आज प्रदेश में 10 करोड़ वैक्सीन डोज लगने का रिकार्ड भी बना है। प्रदेश में गर्भवती महिलाओं को वैक्सीन लगाने में भी मध्यप्रदेश देश में अग्रणीय है। मुख्यमंत्री श्री चौहान ने प्रदेशवासियों की जागरूकता और सक्रियता से वैक्सीनेशन कार्य में मिली इस उपलब्धि के लिए बधाई दी।

मुख्यमंत्री श्री चौहान ने कहा कि प्रदेश में शत-प्रतिशत टीकाकरण के लिये निरंतर चलाये जा रहे महाअभियानों से हम शीघ्र ही शत-प्रतिशत पात्र लोगों को वैक्सीन की दोनों डोज लगाना सुनिश्चित कर लेंगे। इस महत्वपूर्ण कार्य में जनता का सहयोग भी जरूरी है। टीकाकरण महाअभियान-11 में रात्रि 9 बजे तक 11 लाख 44  हजार 361  नागरिकों को वैक्सीन की डोज लगाई जा चुकी है।

मुख्यमंत्री श्री चौहान ने कहा कि हमारा लक्ष्य है कि जल्द से जल्द मध्यप्रदेश के सभी नागरिकों को कोविड वैक्सीन की दोनों डोज लग जाए। इस लक्ष्य को प्राप्त करने के लिये प्रदेश में टीकाकरण महाअभियान की श्रृंखला चलाई जा रही है। मुख्यमंत्री श्री चौहान ने आज के टीकाकरण महाअभियान को सफल बनाने के लिये जन-प्रतिनिधियों,  सामाजिक संगठनों के पदाधिकारियों, क्राइसिस मैनेजमेंट कमेटियों, जन-अभियान परिषद के कार्यकर्ताओं सहित स्वास्थ्य विभाग के अमले के प्रति आभार व्यक्त किया।

प्रदेश में अब तक 5 करोड़ 19 लाख 66 हजार 179 नागरिकों को वैक्सीन की प्रथम डोज और 4 करोड़ 81 लाख 90  हजार 69  नागरिकों को वैक्सीन की दोनों डोज लगाई जा चुकी हैं।