चिकित्सा शिक्षा मंत्री सारंग ने किया विकास कार्यों का भूमि-पूजन

चिकित्सा शिक्षा मंत्री सारंग ने विकास कार्यों का भूमि-पूजन किया

गंजबासौदा न्यूज़ पोर्टल@भोपाल रमाकांत उपाध्याय/

चिकित्सा शिक्षा मंत्री विश्वास सारंग ने विकास कार्यों का भूमि-पूजन किया। उन्होंने शनिवार को नरेला क्षेत्र के वार्ड 58, 71 और 37 में विभिन्न विकास कार्यों का भूमि-पूजन किया। सारंग ने वार्ड 58 के गौतम नगर में नाले का निर्माण और वार्ड 71 के ए-सेक्टर और वार्ड 37 के खुशीपुरा में सी.सी. रोड के निर्माण का भूमि-पूजन किया।

श्री सारंग ने कहा कि नरेला के समग्र विकास के लिए वे कोई कसर नहीं छोडेंगे। उन्होंने कहा कि नरेला के समग्र विकास के लिए विभिन्न निर्माण एजेंसियों के माध्यम से पूरी कार्य-योजना तैयार करा ली गई है। उसी योजना के तहत चरणबद्ध तरीके से क्षेत्र का विकास किया जा रहा है।

श्री सारंग ने कहा कि सड़क, बिजली, पानी और जल निकास को लेकर क्षेत्र में बहुत कार्य हुए हैं। पार्कों का उन्नयन, व्यायाम शालाएँ, सामुदायिक भवनों और खेल मैदानों का भी विकास किया गया है। उन्होंने कहा कि भोपाल के नरेला क्षेत्र में ही थीम आधारित पार्कों का निर्माण कराया गया है। इनमें नर्मदा पार्क और स्वामी विवेकानंद पार्क प्रमुख हैं।

श्री सारंग ने कहा कि बढ़ते यातायात के दबाव को देखते हुए क्षेत्र में फ्लाई ओवर का निर्माण कराया जा रहा है। दो फ्लाई ओवर पर यातायात शुरू हो चुका है। सुभाष नगर फ्लाई ओवर भी बनकर तैयार है, जल्दी ही उसका लोकार्पण होगा और यातायात शुरू हो जायेगा। देवकी नगर करोंद में फ्लाई ओवर का निर्माण कार्य चल रहा  है जो जल्दी ही बनकर तैयार होगा। कार्यक्रम में मालती राय, सूर्यकांत गुप्ता, दिलीप अहिरवार सुभाष मंडल अध्यक्ष अशोक वाणी, स्टेशन मंडल अध्यक्ष नितिन पाठक, पार्षदगण गीता उपेन्द्र तोमर, प्रकांत तिवारी, मनोज चौबे सहित बड़ी संख्या में कार्यकर्ता और गणमान्य नागरिक उपस्थित थे।