Bhopal मुख्यमंत्री ने खरगोन की घटना पर बुलाई आपात बैठक, दंगाईयों के घरों पर चले बुल्डोजर

किसी भी दंगाई को छोड़ा नहीं जायेगा,खरगोन की घटना दुर्भाग्यपूर्ण,मध्यप्रदेश की धरती पर दंगाइयों को कोई स्थान नहीं,नुकसान की वसूली की जाएगी दंगाइयों से, कठोरतम दंड दिया जाएगा, जो बनेगा उदाहरण

गंजबासौदा न्यूज़ पोर्टल @ भोपाल मध्यप्रदेश रमाकांत उपाध्याय / 9893909059

मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान ने कहा है कि संपूर्ण प्रदेश में रामनवमी अभूतपूर्व उत्साह के साथ मनाई गई। लेकिन खरगोन में दुर्भाग्यपूर्ण घटना हुई है। मुख्यमंत्री श्री चौहान ने कहा कि दंगाई छोड़े नहीं जाएंगे, उन पर कठोरतम कार्रवाई की जाएगी। मध्यप्रदेश की धरती पर दंगाइयों का कोई स्थान नहीं है। दंगाई चिन्हित कर लिए गए हैं।

मुख्यमंत्री श्री चौहान ने कहा कि कार्रवाई का मतलब केवल जेल भेजना नहीं है। जिन्होंने पत्थर चलाए और संपत्ति को नुकसान पहुँचाया है, उनको दंडित किया जाएगा। सार्वजनिक संपत्ति हो या निजी संपत्ति, जितना भी नुकसान हुआ है, उतनी वसूली दंगाइयों से की जाएगी। मध्यप्रदेश में लोक और निजी संपत्ति के नुकसान का निवारण और नुकसान की वसूली अधिनियम पारित किया है। हम क्लेम ट्रिब्यूनल का गठन कर रहे हैं। नुकसान का आकलन कर, वसूली की जाएगी। साथ ही ऐसा कठोरतम दंड दिया जाएगा, जो उदाहरण बन जाए। मुख्यमंत्री श्री चौहान ने कहा कि किसी भी दंगाई को छोड़ा नहीं जाएगा।

मुख्यमंत्री श्री चौहान ने खरगोन की घटना पर निवास कार्यालय में उच्च-स्तरीय अधिकारियों के साथ आपात बैठक कर मीडिया प्रतिनिधियों को यह जानकारी दी। मुख्य सचिव  इकबाल सिंह बैंस, अपर मुख्य सचिव गृह डॉ. राजेश राजौरा, पुलिस महानिदेशक सुधीर सक्सेना तथा अन्य अधिकारी उपस्थित थे।

दंगाइयों के घरों पर चले बुल्डोजर

प्रदेश के गृहमंत्री ने बताया कि दंगाइयों पर कानून के हिसाब से कार्रवाई की जा रही है। खरगोन में रामनवमी की शोभायात्रा पर जिन्होंने पथराव किया था शहर में दंगे किए थे,उन्हें चिन्हित कर उनके घरों को बुलडोजर से जमींदोज किया जा रहा हैं।