Bhopal मुख्यमंत्री निवास में मीडिया प्रतिनिधियों के साथ होली मिलन समारोह सम्पन्न

सभी वर्गों के जीवन में खुशियों के रंग भरना राज्य शासन का दायित्व, पत्रकारों के हित मे लिए जाएंगे सभी जरूरी निर्णय : मुख्यमंत्री श्री चौहान

पत्रकार भवन निर्माण के लिए तेज होगी प्रक्रिया
उन्मुक्त वातावरण में मनाये रंगपंचमी

गंजबासौदा न्यूज़ पोर्टल @ भोपाल मध्यप्रदेश रविकांत उपाध्याय / 8085883358

मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान ने कहा है कि समाज के सभी वर्गों, जिनमें पत्रकार भी शामिल हैं, की जिन्दगी में खुशियों के रंग भरने के सभी आवश्यक उपाय होंगे। यह हमारा दायित्व भी है। राज्य शासन द्वारा पत्रकार हित में सभी आवश्यक निर्णय लिए जाएंगे। मुख्यमंत्री श्री चौहान ने कहा कि अधिमान्यता और संचार-कल्याण समितियों के गठन की प्रक्रिया भी पूर्ण हो रही है। पत्रकार भवन के निर्माण से जुड़े कार्यों की बाधाएँ समाप्त कर इसकी प्रक्रिया तेज करते हुए भवन निर्माण शीघ्र किया जाएगा। मुख्यमंत्री श्री चौहान आज मुख्यमंत्री निवास में मीडिया प्रतिनिधियों के साथ होली मिलन समारोह को संबोधित कर रहे थे।

मुख्यमंत्री श्री चौहान ने कहा कि होली मिलन के अवसर पर आज कुछ पत्रकार बंधुओं ने अपनी गायन प्रतिभा का परिचय दिया है, जो सराहनीय है। गत 2 वर्ष के कोरोना काल के बाद यह उमंग और उल्लास का अवसर है। हम सब मिलकर रंगों का त्यौहार मना रहे हैं। मुख्यमंत्री श्री चौहान ने समस्त पत्रकारों को होली और रंगपंचमी की बधाई दी। मुख्यमंत्री श्री चौहान ने कहा कि उन्मुक्त वातावरण में होली मनाई गई है, रंगपंचमी भी इसी उत्साह के साथ मनाई जाएगी।

मुख्यमंत्री श्री चौहान ने भी गाया लोकगीत, गीत-संगीत की अनूठी पेशकश

मुख्यमंत्री श्री चौहान ने सभी को होली और रंगपंचमी की शुभकामनाएँ दीं। उन्होंने लोकप्रिय बुंदेली लोकगीत “मोरी बहू हिरानी है … ऐ भैया मिले … बता दइयो …“ का गायन सभी के साथ स्वर मिलाकर किया। भाजपा प्रदेश मीडिया प्रभारी लोकेंद्र पाराशर, पत्रकार ऋषि पाण्डे (न्यूज वर्ल्ड), नवीन पुरोहित (आईएनडी-24) और सुश्री अनन्या चतुर्वेदी (डीएनएन) ने भी गीत प्रस्तुत किए।

मुख्यमंत्री श्री चौहान ने सांस्कृतिक कार्यक्रम प्रस्तुत करने वाले कलाकारों का भी स्वागत किया। इन कलाकारों में अखिलेश तिवारी, मनोज अहिरवार, राजकुमार सक्सेना, पंकज, बाली भैया, रितुल हजारिका, नवनीत कौर, विक्रम सिरमोलिया, भानु विश्वकर्मा, हर्ष खरे, शिवम गुप्ता, मनीष और सुश्री वैशाली भदौरिया शामिल हैं। प्रमुख सचिव जनसंपर्क राघवेन्द्र कुमार सिंह और संचालक जनसम्पर्क आशुतोष प्रताप सिंह भी उपस्थित थे। मुख्यमंत्री कार्यालय के अधिकारी-कर्मचारी, सुरक्षा स्टाफ के सदस्य भी कार्यक्रम में शामिल हुए।