गंजबासौदा: कृषि उपज मण्डी समिति संचालक पदों के चुनाव में घमासान की स्थिति नजर आ रही है। कृषि उपज मण्डी में १० कृषक व १ व्यापारी प्रतिनिधि व एक हम्माल तुलावट सदस्य के लिए चुनाव होना है। जिसके लिए प्रत्याशियों द्वारा गांव-गांव घर-घर जाकर प्रचार प्रसार किया जा रहा है। मण्डी संचालक पद के प्रत्याशियों द्वारा किसानों को हमेशा की तरह लुभावने वादे कर अपने पक्ष में मतदान करने के लिए प्रेरित किया जा रहा है।
लेकिन वहीं कई किसानों का कहना है कि नेता या संचालक पद के प्रत्याशी चुनाव जीतने के बाद ही अपने वादे भूल जाते है हर वर्ष नेताओं के लुभावने वादों से किसान छले जाते है। बासौदा कृषि उपज मण्डी ए ग्रेड होने के साथ-साथ संभाग सहित प्रदेश में सर्वाधिक राजस्व देती है। इसके बावजूद भी कृषि उपज मण्डी समिति द्वारा मण्डी में जिंस बेचने आने वाले किसानों को पर्याप्त सुविधाएं उपलब्ध नहीं कराई जाती है।
कृषि उपज मण्डी में वार्ड क्रमांक ५ में सबसे अधिक घमासान देखने को मिल रहा है। इस वार्ड से पूर्व भाजपा जिला महामंत्री नरेन्द्र सिंह गुडडा व कांग्रेस से एडवोकेट जवाहर सिंह रघुवंशी चुनाव मैदान में है। नरेन्द्र सिंह रघुवंशी को भाजपा ने समर्थन दिया है। उनके पक्ष में भाजपा की पूरी लॉबी प्रचार में लगी हुई है। वहीं क्षेत्र में पुरानी पैठ होने के कारण उनका पक्ष दमदार दिखाई दे रहा है। जैसे-जैसे मतदान की तिथि नजदीक आ रही है। चुनाव प्रचार जोर पकड़ रहा है। चुनावों को लेकर कयासों का दौर जारी है। लेकिन असल स्थिति मतगणना के बाद ही साफ हो सकेगी। इस बार अध्यक्ष पद का चुनाव वार्ड संचालकों की वोटिंग से तय होगा इसलिए अध्यक्ष कौन बनेगा इस बारे में अभी भी संशय बना हुआ है।